शनिवार, 2 अगस्त 2014

सोनिया गांधी ने थपथपायी मुख्यमंत्री हरीश रावत की पीठ

जीत को लेकर कई बार डगमगाया विश्वास: हरीश रावत


कांग्रेस को उपचुनाव ने दी आक्सीजन


सोनिया गांधी ने थपथपायी मुख्यमंत्री की पीठ

राजेन्द जोशी
देहरादून । उत्तराखंड विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस के हौंसले बुलंद हैं। पार्टी के दिल्ली से लेकर देहरादून तक के नेता इस विजय पर खुश हैं, उनका कहना है कि इस जीत से कांग्रेस के हतोत्साहित कार्यकर्ताओं का भी मनोबल बढ़ा है। राज्य कांग्रेस के पक्ष में आये परिणाम के बाद अब कांग्रेस के बड़े नेता कार्यकर्ताओं को समझा रहे हैं कि मोदी लहर से घबराने की जरूरत नहीं है। अब नेता यह संदेश दे रहे हैं कि नरेंद्र मोदी की लहर से घबराने की बजाय कांग्रेस को उबारने के लिए जमीन पर डटकर काम करने की जरूरत है।
वहीं कांग्रेस हाईकमान ने पार्टी नेताओं को संदेश दिया है कि भले ही ये उप चुनाव रहे हों, लेकिन बेहतर नतीजों से साबित हो गया है कि लोकसभा चुनाव में भले ही परिणाम हमारे पक्ष में नहीं आये मगर विधानसभा में स्थितियां हमारे साथ है और हरीश रावत के पांच महीने के कार्यों पर प्रदेश की जनता ने मुहर लगायी है। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार जीत की खबर आने से कांग्रेस हलकों में खुशी का माहौल है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित विधानसभा के उपचुनाव में विजयी दो अन्य विधायकों से मिली।
उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद लोग आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार को मान कर चल रहे हैं। लेकिन ये उप चुनाव दिखाते हैं कि ऐसा सोचना गलत है। जमीन पर काम करने से पार्टी की स्थिति बेहतर हो सकती है। वहीं पार्टी हाईकमान का मानना है कि विधानसभा में लोकसभा चुनाव से हटकर अलग स्थितियां है। स्थानीय जातीय और सामाजिक समीकरण भी महत्व रखते हैं। जिनमें संतुलन बनाने से फायदा हो सकता है। साथ ही महंगाई के मुद्दे पर लोगों की आवाज उठाकर उनका विश्वास जीतने की कोशिश करना जरूरी है।
   मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली गयी रेखा आर्य ने बताया कि सोनिया गांधी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी इस संबंध में बधाई दी है। उन्होने बताया कि कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड में तीनों सीटों पर जीत के बाद तय हो गया है कि मोदी का जादू धीरे-धीरे खत्म हो रहा है। वहीं प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी और वरिष्ठ नेता मोती लाल वोरा ने भी उन्हें जीत की बधाई दी।
  वहीं मुख्यमंत्री ने बीती रात एक मुलाकात में कहा इस जीत के लिए वे आश्वस्त थे लेकिन डोईवाला को लेकर कभी -कभी विश्वास डगमगा जाता था लेकिन डोईवाला की जनता ने जो स्नेह हीरासिंह बिष्ट व मुझे दिया उनका मैं आभारी हूं। उन्होने कहा यह जरूर है भाजपा का भ्रम टूटा है। प्रदेश की जनता ने हमें नई ऊर्जा दी है।
     उन्होने कहा अब हमारी जिम्मेदारियां और बढ़ गयी है व अब और मेहनत करनी होगी ताकि जनता भविष्य में हमें लाल झंडी न दिखा दे। उन्होने कहा प्रदेश के साथ देश भर में कांग्रेस सिर्फ पांच साल मेहनत कर लेगी तो जो अच्छे दिन आने वाले सपने भाजपा ने दिखाए हैं उसकी सच्चाई खुद सामने आ जाएगी। साथ ही उन्होने कहा इतिहास दोहराता है, कुछ ऐसा ही हुआ है कांग्रेस के साथ। 1977 में इमरजेंसी के ठीक बाद हुए लोकसभा चुनाव में इंदिरा गांधी की हार के साथ ही कांग्रेस कुछ-कुछ इसी हालत में पहुंची थी। तब भी दून ने ही कांग्रेस को सुकून दिया था। उन्होने बताया लोकसभा चुनाव के कुछ महीनों बाद जब देहरादून में कैंट बोर्ड के चुनाव हुए तो बड़ी संख्या में कांग्रेस के सदस्य जीतकर आए जिसने उखड़ी कांग्रेस को संजीवनी मिली थी। मुख्यमंत्री के सलाहकार सुरेन्द्र कुमार तथा राजीव जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में कम समय में ही राज्य सरकार ने आम जनता के लिए ढेरों कल्याणकारी कदम उठाए हैं। उसी का परिणाम है कि कांग्रेस तीनों सीटों पर भारी बहुमत से जीती है। प्रदेश की तीनों सीटें जीतने के बाद हरीश रावत का कद और खेमा जरूर बड़ा होगा।
     वहीं उन्होने कहा कि जनता का भाजपा के लिए भी एक करारा जवाब है, जो जनता को भ्रमित कर चुनाव लड़ रहे थे। चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि जनता उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व एवं विकासपरक सोच में पूर्ण विश्वास करती है। वहीं प्रदेश कांग्रेस टॉस्क फोर्स के संयोजक योगेन्द्र खंडूड़ी का कहना है इस जीत से साफ हो गया है  कि अल्प समय में उनके द्वारा किये गये विकास कार्यों को जनता ने समर्थन दिया है । जनता ने नरेन्द्र मोदी के झूठे वायदों एवं हवाई किलों को घ्वस्त कर दिया है।
     उत्तराखण्ड की तीन विधानसभा क्षेत्रो में हुए उपचुनावों में पार्टी को मिली भारी सफलता पर कांग्रेस पार्टी ने तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता का आभार व्यक्त किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने विधानसभा उपचुनावों में तीनों सीटों पर पार्टी को मिली भारी सफलता के लिए विधानसभा क्षेत्रों की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए उन्हे बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड उपचुनाव की ये जीत जनता के द्वारा कांग्रेस नेता श्रीमती सोनिया गांधी के प्रति विश्वास की अभिव्यक्ति भी है। उपाध्याय ने उपचुनावों की जीत को कार्यकर्ताओं की जीत बताते हुए कहा कि इस जीत ने पार्टी को ऊर्जा का एक स्रोत प्रदान किया है जिसका लाभ पार्टी को पूरे देश मे मिलेगा। उन्होंने तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सशक्त प्रत्याशी देने के लिए पार्टी अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी जी का भी आभार व्यक्त किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें